25 दिन बाद घर लौटे 'तारक मेहता...' के लापता अभिनेता गुरुचरण सिंह, बताया इतने दिनों तक कहां थे गायब

4 months ago 81052

तारक मेहता का उल्टा चश्मा से घर-घर में फेमस हुए एक्टर गुरुचरण सिंह के चाहने वाले और फैंस के लिए राहत भरी खबर है। 25 दिनों तक लापता रहने के बाद वह घर वापस लौट आए हैं। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। अब जब एक्टर वापस आ गए हैं तो उन्होंने खुलासा किया है कि वह इतने दिन कहां थे और क्या कर रहे थे।

पॉपुलर सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में रोशन सिंह सोढी का रोल करने वाले गुरुचरण सिंह को लेकर गुड न्यूज आई है। 25 दिन तक गायब रहने के बाद वह घर लौट आए हैं। 

एक्टर गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल के बाद से लापता थे। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। कई दिनों तक गायब रहने के बाद वह खुद ही घर वापस लौट आए। वापस लौटने पर गुरुचरण से पुलिस ने पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वह घर छोड़कर दुनियाभर में धार्मिक यात्रा करने निकले थे।

गुरुचरण सिंह ने बताया कि वह अमृतसर, लुधियाना जैसे कई शहरों में गुरुद्वारों में रुके। कई दिनों तक वहां ठहरने के बाद उन्हें एहसास हुआ की अब घर वापस लौट जाना चाहिए। इसलिए वह घर वापस लौट आए।


26 अप्रैल को आई थी लापता होने की खबर

गुरुचरण सिंह के 22 अप्रैल को दिल्ली में अपने घर से मुंबई जाने के लिए निकले थे। लेकिन वह एयरपोर्ट पर ही नहीं पहुंचे। 26 अप्रैल को उनके लापता होने की बात सामने आई। गुरुचरण सिंह को लेकर पालम पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 365 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस जांच में ये बात सामने आई थी कि सिंह का मोबाइल फोन 22 अप्रैल की रात 9.22 बजे ही बंद हो गया था। पुलिस की शुरुआती जांच में ये भी सामने आया था कि गुरुचरण सिंह ने कई कैश ट्रांजेक्शन किए थे। उन्होंने 7000 रुपये का ट्रांजेक्शन किया था। उनके मल्टीपल ट्रांजेक्शन करने की जानकारी भी सामने आई थी।