दिल्ली - इंडिया गेट के पास वारदात, आइसक्रीम वेंडर की चाकू गोदकर हत्या, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

5 months ago 125030

इंडिया गेट के आउटर सर्किल पर आइसक्रीम वेंडर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार शाम की है। आइसक्रीम के पैसे को लेकर आरोपी और मृतक के बीच झगड़ा हुआ था।

दिल्ली के इंडिया गेट के आउटर सर्किल पर आइसक्रीम वेंडर की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वारदात की जानकारी पुलिस को बुधवार देर शाम 8:30 बजे मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान प्रभाकर (25) के तौर पर हुई है, जो दिल्ली के हमदर्द नगर का रहने वाला था। शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रभाकर आइसक्रीम बेच रहा था, तभी एक शख्स उसके पास आया और आइसक्रीम के रुपये देने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद शख्स आइसक्रीम वेंडर को चाकू मारकर फरार हो गया। 


सीसीटीवी से हाथ लगा हत्या से जुड़ा सुराग

पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए, ताकि उसकी पहचान की जा सके। वारदात के बाद पुलिस की 12 टीमें मामले की जांच में जुटी। आस-पास के सीसीटीवी से पुलिस के हाथ हत्या से जुड़ा सुराग लग गया था। 


आइसक्रीम के पैसे को लेकर हुआ झगड़ा

वारदात की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया था, "प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि मृतक पर झगड़े की वजह से चाकू से हमला किया गया। दोनों के बीच आइसक्रीम के पैसे को लेकर झगड़ा हुआ था। मृतक के शरीर पर तीन घाव थे, जिनमें से एक बहुत गहरा था, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। पीड़ित के बैग से हमने कुछ पैसे और एक घड़ी भी बरामद की है।"